एसआरआई फंड - अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

एसआरआई फंड - अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

1. एसआरआई फंड क्या है?
एसआरआई फंड, एनएसआईसी वेंचर कैपिटल फंड लिमिटेड (एनवीसीएफएल) द्वारा शुरू किया गया एक फंड ऑफ फंड्स (एफओएफ) है, जो सेबी-पंजीकृत श्रेणी I और श्रेणी II वैकल्पिक निवेश कोष (संतति निधियों) के माध्यम से एमएसएमई को विकास पूंजी सहायता प्रदान करता है।
2. एसआरआई फंड में एंकर निवेशक कौन है?
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमओएमएसएमई) के माध्यम से भारत सरकार एंकर निवेशक है।
3. एसआरआई फंड के प्रवर्तक कौन हैं और कुल फंड कॉर्पस कितना है?
एसआरआई फंड को एनएसआईसी लिमिटेड द्वारा अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनवीसीएफएल के माध्यम से प्रवर्तित किया गया है। कुल फंड कॉर्पस रु. 10,006 करोड़ है।
4. एसआरआई फंड के लिए निवेश प्रबंधक और विधिक सलाहकार कौन हैं?
निवेश प्रबंधक: एसबीआईकैप वेंचर्स लिमिटेड।
विधिक सलाहकार: खेतान एंड कंपनी।
5. एसआरआई फंड की अवधि कितनी है?
फंड की अवधि 15 वर्ष है और इसे एआईएफ दिशानिर्देशों और अनुमोदनों के अनुसार बढ़ाया जा सकता है।
6. एसआरआई फंड की निवेश अवधि कितनी है?
एसआरआई फंड की निवेश अवधि 13 वर्ष है।
7. एसआरआई फंड का निवेश उद्देश्य क्या है?
इक्विटी, अर्ध-इक्विटी और ऋण निवेश के माध्यम से संतति निधियों के जरिए एमएसएमई को विकास पूंजी सहायता प्रदान करना, रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, विकास को प्रोत्साहित करना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना।
8. क्या एसआरआई फंड सीधे एमएसएमई में निवेश कर सकता है?
नहीं। एसआरआई फंड केवल संतति निधियों में निवेश करता है, जो फिर एमएसएमई में निवेश करती हैं।
9. संतति निधि की परिभाषा क्या है?
संतति निधि एक सेबी पंजीकृत श्रेणी I या श्रेणी II वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) है जो एमएसएमई में निवेश करता है।
10. क्या अन्य सरकारी फंड-ऑफ-फंड्स योजनाओं के तहत वित्तपोषित एआईएफ पात्र हैं?
हां, बशर्ते वे एसआरआई फंड की लागू शर्तों का अनुपालन करें।
11. एसआरआई फंड से अनुमेय प्रतिबद्धता (कमिटमेंट) क्या है?
न्यूनतम प्रतिबद्धता रु. 25 करोड़ है और इसके बाद रु. 5 करोड़ के गुणकों में। अधिकतम प्रतिबद्धता लक्ष्य कॉर्पस के 20% या रु. 2,000 करोड़, जो भी कम हो।
12. एसआरआई फंड प्रतिबद्धता की वैधता अवधि क्या है?
प्रतिबद्धता 18 महीने तक वैध रहती है, जिस अवधि में संतति निधि को प्रथम क्लोज प्राप्त करना होगा।
13. क्या संतति निधियों को कोई न्यूनतम पूंजी जुटानी होती है?
संतति निधियों को बाहरी निवेशकों से कॉर्पस का 80% जुटाना आवश्यक है। न्यूनतम रु. 25 करोड़ की एसआरआई प्रतिबद्धता के लिए, कम से कम रु. 125 करोड़ का कॉर्पस आवश्यक है।
14. एमएसएमई में न्यूनतम निवेश की आवश्यकता क्या है?
संतति निधियों को एसआरआई फंड से प्राप्त राशि (शुल्क और व्यय घटाकर) का कम से कम 5 गुना उद्यम पंजीकरण वाले एमएसएमई में निवेश करना आवश्यक है।
15. संतति निधियों की अनुमेय अवधि क्या है?
संतति निधियों की अवधि एसआरआई फंड की शेष अवधि के साथ समाप्त हो सकती है, जो एआईएफ विनियमों के अधीन है।
16. संतति निधियों की अनुमेय निवेश अवधि क्या है?
संतति निधि के अंतिम क्लोज की तिथि से अधिकतम 6 वर्ष।
17. संतति निधियों के लिए लक्षित प्रतिफल क्या है?
12% सकल आईआरआर प्रति वर्ष या संतति निधि में किसी अन्य अंशदाता को दी गई सर्वोच्च दर, जो भी अधिक हो।
18. संतति निधियों के लिए हर्डल रेट क्या है?
8% प्रति वर्ष या किसी अन्य अंशदाता को दी गई सर्वोच्च दर, जो भी अधिक हो, चक्रवृद्धि वार्षिक आधार पर परिकलित।
19. संतति निधियों के लिए प्रबंधन शुल्क क्या है?
2% प्रति वर्ष या किसी अन्य अंशदाता को दी गई न्यूनतम दर, जो भी कम हो।
20. एसआरआई फंड के लिए लक्ष्य समूह कौन है?
विकास क्षमता वाले एमएसएमई जिन्हें विकास पूंजी सहायता की आवश्यकता है और जो रोजगार सृजन एवं आर्थिक प्रभाव उत्पन्न करने में सक्षम हैं।
21. कौन सी एमएसएमई परिभाषा का उपयोग किया जाएगा?
एमएसएमईडी अधिनियम के अंतर्गत परिभाषित एमएसएमई, जैसा समय-समय पर संशोधित किया गया हो, और जिनके पास उद्यम पंजीकरण हो।
22. क्या कोई प्राथमिकता वाला क्षेत्रीय या भौगोलिक फोकस है?
निवेश भारत भर में निर्माण, सेवाएं, कृषि, फार्मा, ऑटो और रसायन जैसे क्षेत्रों में किया जा सकता है।
23. क्या कोई क्षेत्र प्रतिबंधित हैं?
हां। जुआ, अश्लील सामग्री, गैरकानूनी गतिविधियां, एनबीएफसी, गैर-लाभकारी संगठन, माइक्रो-क्रेडिट, वित्तीय समावेशन क्षेत्र, स्वयं सहायता समूह और वित्तीय मध्यस्थ संस्थाएं शामिल नहीं हैं।
24. संतति निधियों पर लागू अन्य शर्तें क्या हैं?
सेबी विनियमों, केवाईसी मानदंडों, ईएसजी फ्रेमवर्क, प्रभाव आकलन, सांविधिक आवश्यकताओं, धन-शोधन रोधी और भ्रष्टाचार-रोधी विनियमों का अनुपालन, और हितों के टकराव का प्रकटीकरण।
25. क्या प्लेसमेंट एजेंट आवश्यक है?
नहीं। आवेदन सीधे एसआरआई फंड को किया जाना चाहिए। कोई प्लेसमेंट शुल्क देय नहीं है।
26. संतति निधियों की कौन सी जांच (डिलिजेंस) की जाएगी?
नियुक्त सलाहकारों द्वारा विधिक, वित्तीय, कर, सत्यनिष्ठा और अन्य उचित परिश्रम (ड्यू डिलिजेंस) की जाएगी। लागत संतति निधि द्वारा वहन की जाएगी।
27. निवेश प्रक्रिया में शामिल चरण क्या हैं?
प्रारंभिक जांच → विस्तृत मूल्यांकन → उचित परिश्रम → व्यावसायिक वार्ता → दस्तावेज़ीकरण → निवेश समिति अनुमोदन → निवेश, मॉनिटरिंग और निकासी।
28. निवेश प्रबंधन के लिए तकनीकी प्लेटफॉर्म क्या है?
निवेश संबंधी गतिविधियों को ऑनलाइन प्रबंधित करने के लिए एक तकनीकी प्लेटफॉर्म विकसित किया जा रहा है।
29. संभावित संतति निधि आवेदन कैसे कर सकती है?
srifund@sbicapventures.com और srifund@nvcfl.co.in पर ईमेल करके। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म चालू होने के बाद भविष्य के आवेदन उसके माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
30. क्या अस्वीकृत संतति निधि पुनः आवेदन कर सकती है?
हां। अस्वीकृति की तिथि से छह महीने बाद पुनः आवेदन की अनुमति है।
31. संतति निधियों के लिए रिपोर्टिंग आवश्यकताएं क्या हैं?
वार्षिक और तिमाही रिपोर्ट, निवेश जानकारी, मूल्यांकन रिपोर्ट, कर रिटर्न, अनुपालन विवरण, प्रभाव आकलन रिपोर्ट और नियामक अनुपालन रिपोर्टिंग।